काम से घर लौटते समय सड़क हादसे में बिजली मिस्त्री की मौत
औरंगाबाद (बिहार)। जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बटाने नदी एवं बभंडी गांव के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय बिजली मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़
बताया जाता है कि हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने युवक को जिंदा समझकर तुरंत एंबुलेंस 1033 को सूचना दी और इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. जमुना पांडे ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के इतना कहते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं
मृतक की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के बनौली गांव निवासी मुकेश सिंह के 20 वर्षीय पुत्र अभय कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अभय तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर था और घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण कम उम्र में ही बिजली मिस्त्री का काम करने लगा था। वह अपने हुनर और मेहनत से पूरे परिवार की जीविका के लिए दिन-रात पसीना बहा रहा था। गांव में वह एक होनहार और मेहनती युवक के रूप में जाना जाता था।
युवक की मौके पर ही मौत
घटना के संबंध में बताया गया कि रविवार की रात करीब 9 बजे अभय औरंगाबाद शहर से काम खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। वह जैसे ही बटाने नदी पुल और बभंडी के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने ले आई। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
खबर मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल
इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखते ही मां-बाप का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक का भाई शव देखते ही बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे परिजनों और वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह संभाला। अस्पताल में कोहराम मचा रहा। बाद में नगर थाना पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है।
यह भी पढ़ेंः गोदाम में सो रहे अधेड़ की संदिग्ध मौत, सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान; हत्या की आशंका