कोरबा में हाथी का खूनी तांडव, मशरूम ढूंढने जंगल गए ग्रामीण को कुचलकर मार डाला; इलाके में दहशत
कोरबा {छत्तीसगढ़}: जिले के करतला वन क्षेत्र में हाथी और मानव के बीच संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार सुबह एक बार फिर जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत की बेहद दुखद घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, करतला क्षेत्र के ग्राम पीडिया निवासी जहाज़ सिंह राठिया (उम्र लगभग 55 वर्ष) आज सुबह-सुबह ग्राम पीडिया और तुर्रीकटरा के बीच स्थित जंगल में पुटु (जंगली मशरूम) ढूंढने गए हुए थे।
मशरूम ढूंढने गए ग्रामीण पर हाथी का हमला
इसी दौरान घने जंगल में उनका सामना अचानक एक दंतैल हाथी से हो गया। इससे पहले कि जहाज़ सिंह संभल पाते या वहां से भाग पाते, हाथी ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह कुचल दिया। हमले में जहाज़ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही इस घटना की खबर गांव तक पहुंची, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी दहशत है कि हाथी रिहायशी इलाकों के इतने करीब पहुंच चुके हैं। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी गई, जिसके बाद अधिकारियों की टीम दल-बल के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
वन विभाग और पुलिस ने संभाला मोर्चा
वन विभाग और पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की जा रही है और क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
करतला और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही हाथियों की आमद और इन दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों की कड़ी निगरानी की जाए, जंगलों की तरफ जाने वाले रास्तों पर मुनादी कराई जाए और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस व स्थायी इंतजाम किए जाएं।
यह भी पढ़े: कोलोरेक्टल कैंसर पर बड़ा खुलासा! वैज्ञानिकों ने खोजा ऐसा 'मॉलिक्यूलर स्विच', जो रोक सकता है कैंसर का फैलाव