हाथी का तांडव, पति के सामने पत्नी को कुचला, बेटे को दबाने की कोशिश
अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां जंगल से लौट रहे एक परिवार पर हाथी ने हमला कर दिया। इस हमले में 28 वर्षीय प्रेमवती पाव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति रामानुज पाव और 6 साल का बेटा दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए।
रामानुज के मुताबिक, हाथी ने सूड से धक्का देकर पत्नी को जमीन पर पटक दिया। इससे बच्चा झटके से मां की गोद से छिटककर दूर गिर गया। इसके बाद रामानुज बेटे को गोद में लेकर भागे, लेकिन हाथी ने उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया और कुचलने की कोशिश की, जिससे उन्हें कई जगह चोटें आई।
अचानक हमलावर हुआ हाथी
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर परिवार जंगल से घर लौट रहा था, तभी अचानक हाथी सामने आ गया और उसने हमला कर दिया। हाथी ने महिला को कुचल दिया और बच्चे को भी दबाने की कोशिश की। इस दौरान पिता ने किसी तरह बेटे को बचाया और उसे गोद में उठाकर भागे।
प्रेमवती पर हमला, कुचला, मौके पर मौत
इस बीच जमीन पर गिरी प्रेमवती पर हाथी ने फिर से हमला कर दिया और कुचल दिया। इससे मौक पर उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद हाथी काफी देर तक इलाके में मौजूद रहा। ग्रामीणों ने शोर मचाया तब जंगल की भागा।
दोनों घायल अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
वन विभाग की टीम मौके पर, अलर्ट जारी
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हाथी की निगरानी कर रही है और आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
15 साल में 16 मौत
अनुपपुर में हाथियों के हमले की घटना लगातार गंभीर बनी हुई है। वन विभाग के मुताबिक, साल 2011 से 2026 तक जिले में हाथियों के हमले में 16 लोगों की मौत हुई है। पिछले 120 दिन में अनुपपुर, जैतहरी वन परिक्षेत्र में 4 लोगों की जान गई है। दोनों जगह 2-2 लोगों की मौत हुई है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/piyush-goyal-on-india-us-trade-deal-best-deal-compared-to-neighbouring/131831