यूपी के इंजीनियरिंग कॉलेजों में मॉडल बायलॉज लागू करने पर जोर, शोध-नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने आज गुरुवार को विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, आजमगढ़, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अम्बेडकर नगर, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बिजनौर और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कन्नौज प्रशासकीय परिषद (BOG) की बैठक की। बैठक में संबंधित संस्थानों के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय विषयों के साथ-साथ शोध, नवाचार, छात्रवृत्ति, पीएचडी फेलोशिप, मानव संसाधन, नए पाठ्यक्रम और संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इंजीनियरिंग कॉलेजों में नियमों की एकरूपता पर जोर
प्राविधिक शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों में एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए मॉडल बायलॉज को प्रभावी रूप से अपनाया जाए और उसी के अनुरूप कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि जहां नियमों एवं प्रक्रियाओं में एकरूपता की आवश्यकता है, वहां अनावश्यक विलंब न किया जाए और संबंधित प्रस्तावों को नियमानुसार शीघ्र निस्तारित किया जाए। मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को उनके घर के पास गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
शोध, नवाचार और कौशल विकास पर जोर
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों को केवल शिक्षण संस्थान के रूप में नहीं, बल्कि शोध, नवाचार, कौशल विकास और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप मानव संसाधन तैयार करने वाले संस्थानों के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं संस्थागत वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। बैठक में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। शोध परियोजनाओं, रिसर्च पेपर, पेटेंट और पीएचडी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए। सभी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में एकरूपता के लिए मॉडल बायलॉज अपनाने और उसके अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
तकनीकी शिक्षा को उद्योग की जरूरतों से जोड़ने पर जोर
प्राविधिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि योगी सरकार का लक्ष्य प्रदेश के युवाओं को ऐसी तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें और उद्योगों की मांग के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन के रूप में तैयार हों। इसके लिए शिक्षा की गुणवत्ता, आधुनिक प्रयोगशालाएं, शोध एवं नवाचार, उद्योग से जुड़ाव और रोजगार के अवसरों पर एक साथ काम करना होगा। बैठक में प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा अमित गुप्ता, महानिदेशक प्राविधिक शिक्षा सेल्वा कुमारी, निदेशक प्राविधिक शिक्षा तथा संबंधित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के निदेशक एवं प्रशासकीय परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- महात्मा गांधी की 157वीं जयंती: राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजघाट पर दी श्रद्धांजलि