गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को गोकशी की सूच

गोकशी की सूचना पर पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, 12 मुकदमों का आरोपी गोली लगने से घायल

Encounter After Cow Slaughter Tip-Off, Accused Injured in Firing

आजमगढ़ {उत्तर प्रदेश}: गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर एक्ट, गोकशी और सामूहिक दुष्कर्म समेत करीब एक दर्जन मुकदमों में आरोपी विशाल यादव (25) गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।

सूचना पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, गम्भीरपुर थाना पुलिस को क्षेत्र में गोकशी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों से मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में किशनपुर काशीनाथ निवासी विशाल यादव पुत्र अनिल यादव के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

अवैध हथियार और बछड़ा बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, चापड़ और एक बछड़ा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, विशाल यादव के खिलाफ विभिन्न जनपदों में गैंगस्टर एक्ट, गोकशी एवं सामूहिक दुष्कर्म समेत करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं।

अंधेरे का फायदा उठाकर साथी फरार

मुठभेड़ के दौरान विशाल यादव का एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़े: उफनती नदी में जान जोखिम में डालकर बुजुर्ग महिला की अंतिम यात्रा, श्मशान घाट तक नहीं बना पुल