फरीदपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बाइक सवा

बरेली में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से शातिर बदमाश घायल; साथी समेत गिरफ्तार

Encounter in Bareilly, Criminal Injured in Shootout

बरेली {उत्तर प्रदेश}: फरीदपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बीसलपुर रोड पर साठा पुलिया के पास संदिग्धों की चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में 315 बोर के तमंचे के साथ एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उसके साथी समेत दबोच लिया।

गोली लगने से घायल हुआ बदमाश

मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश की पहचान कासिम खां पुत्र गुल खां निवासी मेवा शर्फापुर के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद पुलिस उसे तत्काल सीएचसी फरीदपुर ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोपी की सुरक्षा व निगरानी के लिए दो पुलिसकर्मियों को अस्पताल में तैनात किया गया है।

गैंगस्टर एक्ट में वांछित था कासिम

पुलिस के अनुसार, आरोपी कासिम के खिलाफ 22 अगस्त 2026 को फरीदपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें गैंगस्टर एक्ट के तहत पांच लोगों को नामजद किया गया था, जिसमें कासिम काफी समय से वांछित चल रहा था। पुलिस ने मौके से कासिम के साथी जाहिद अली खां पुत्र जान मोहम्मद (निवासी मेवा शर्फापुर) को भी गिरफ्तार किया है।

तमंचे और कारतूस बरामद

उसके पास से एक मोटरसाइकिल और 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है, जिसकी नाल में कारतूस फंसा हुआ था और एक जिंदा कारतूस भी मिला। इसके अलावा कासिम के पास से भी 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य

सीओ संदीप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ की सूचना मिलने पर फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा बरामद असलहों और सामान की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें: सांसद रमेश अवस्थी बने हाउसिंग कमेटी के सदस्य, कानपुर को मिली बड़ी सौगात