हरिद्वार में ESIC मेडिकल कॉलेज को मंजूरी, हर बैच में 50 छात्रों को मिलेगा MBBS में प्रवेश
देहरादून (उत्तराखंड)। हरिद्वार में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) द्वारा ESIC मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी प्रदान की गई है। मेडिकल कॉलेज में प्रत्येक बैच में 50 MBBS छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। यह मेडिकल कॉलेज हरिद्वार स्थित मौजूदा ESIC अस्पताल के बुनियादी ढांचे का उपयोग करते हुए प्रारंभ किया जाएगा।
ESIC की बैठक में लिया गया यह बड़ा फैसला
हरिद्वार मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी 30 जून, 2026 को नई दिल्ली स्थित ESIC मुख्यालय में आयोजित कर्मचारी राज्य बीमा निगम की 198वीं बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में प्रदान की गई। इसके तहत मौजूदा ESIC अस्पताल के बुनियादी ढांचे और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किया जाएगा।
सीएम धामी ने पीएम मोदी का जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में ESIC मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी प्रदान किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं।
चिकित्सा शिक्षा और युवाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में ESIC मेडिकल कॉलेज की स्थापना से राज्य में चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा तथा युवाओं को MBBS की शिक्षा के लिए एक और महत्वपूर्ण संस्थान उपलब्ध होगा। इसके साथ ही क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं को और सुदृढ़ करने में भी मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य संसाधनों का होगा बेहतर उपयोग
उन्होंने कहा कि मौजूदा ESIC अस्पताल के बुनियादी ढांचे का उपयोग करते हुए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जाने से उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा। इससे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने के साथ ही क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें: धामी ने गांधी और शास्त्री जयंती पर किया नमन, सत्य-अहिंसा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया