इकदिल थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और एक

इटावा में पुलिस मुठभेड़: चेन लूट का वांछित बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार, तमंचा और नकदी बरामद

Etawah Encounter: Chain Snatcher Arrested

इटावा {उत्तर प्रदेश}: इकदिल थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में चेन लूट का वांछित आरोपी शिवम उर्फ शिवा पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

वाहन चेकिंग के दौरान मिली सूचना

जानकारी के अनुसार, इकदिल थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ चितभवन नहर पुल के पास देर रात वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ दिन पहले मॉर्निंग वॉक के दौरान नर्सिंग होम संचालक डॉ. आर.एस. पाल से सोने की चेन लूटने वाला आरोपी इलाके में मौजूद है।

घेराबंदी के दौरान बदमाश ने की फायरिंग

सूचना मिलते ही पुलिस ने भरथना रोड स्थित सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार, नावली मार्ग पर खजूर की झाड़ियों में छिपे आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम उर्फ शिवा (28) पुत्र स्वर्गीय सत्य प्रकाश गोस्वामी, निवासी नगला तिवारी, वलैयापुर, थाना जसवंतनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 20,170 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

कई गंभीर मामलों में वांछित था आरोपी

पुलिस के अनुसार, शिवम उर्फ शिवा के खिलाफ हत्या, चोरी, अवैध शराब, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लूट और शस्त्र अधिनियम के मामलों में भी वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े: औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को रौंदा, 8 वर्षीय किशोर की मौत