इटावा के बकेवर क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा से कथि

इटावा में छात्रा से कथित छेड़छाड़ के बाद परिवार पर हमला, पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज

Etawah: POCSO Case Registered After Alleged Harassment of Minor Girl and Attack on Family

इटावा,(उत्तर प्रदेश)। बकेवर थाना क्षेत्र के एक गांव में कोचिंग से घर लौट रही 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और बाद में उसके परिवार पर घर में घुसकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

6 जुलाई की है घटना

पीड़िता की मां के अनुसार, 6 जुलाई की दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी बेटी कोचिंग से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में दो युवकों ने उसे रोककर उसका हाथ पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घर पहुंचने पर छात्रा ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।

घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी

परिजनों का आरोप है, कि जब उन्होंने आरोपियों के परिवार से शिकायत की, तो मामला और बढ़ गया। आरोप है, कि इसके बाद सात नामजद लोगों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार के घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस मामले की विवेचना कर रही

थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर दांदरपुर निवासी रितिक तिवारी, ऋषि तिवारी, अरविंद तिवारी, आलोक तिवारी, सुधीर दीक्षित, विशाल दीक्षित, अभिनव तिवारी तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे

थाना प्रभारी ने बताया, कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी है। 

यह भी पढ़ेंः सिरोही में चलती कार पर पत्थरबाजी, बाल-बाल बचा परिवार; पुलिस जांच में जुटी