इटावा के भरथना में पुलिस मुठभेड़ के दौरान छिनैती क

इटावा में पुलिस मुठभेड़ में छिनैती का आरोपी गिरफ्तार, 33 मुकदमे दर्ज

Etawah Police Arrest Snatching Accused in Encounter, 33 Cases Registered

इटावा (उत्तर प्रदेश)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भरथना थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान छिनैती की घटना में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चल रही थी चेकिंग

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16/17 अक्टूबर की रात भरथना थाना पुलिस गंगोरा की ओर जाने वाले रास्ते पर भरथना रोड के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे एक संदिग्ध को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुज शाक्य पुत्र राजकुमार, निवासी ग्राम सुमैया, थाना किशनी, जनपद मैनपुरी, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।

महिला का हैंडबैग छीनने की वारदात में शामिल होने की बात कबूली

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में छह अक्टूबर को भरथना क्षेत्र में एक महिला से हैंडबैग छीनने की घटना में शामिल होने की बात बताई। बैग में करीब दो हजार रुपये थे, जिन्हें उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ बांट लिया था। इस मामले में भरथना थाने में मुकदमा दर्ज है।

आरोपी पर तीन जिलों में 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ इटावा, मैनपुरी और फर्रुखाबाद सहित विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कुल 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 

यह भी पढ़ें:   बलिया में पुलिस मुठभेड़ में गो-तस्कर घायल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद