जसवंतनगर में सोलर पैनल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पांच प्लेट बरामद
इटावा (उत्तर प्रदेश)। जसवंतनगर थाना पुलिस ने सोलर पैनल चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच सोलर पैनल और घटना में इस्तेमाल किया गया तीन पहिया लोडर बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पीएम कुसुम योजना के तहत लगे सोलर पंप सिस्टम की चोरी पर दर्ज हुआ था मुकदमा
अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह के नेतृत्व में थाना जसवंतनगर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।पुलिस के अनुसार, नगला हुलासी, पोस्ट मलाजनी निवासी एक व्यक्ति ने सात अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि कृषि विभाग की पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत खेत में सिंचाई के लिए आवंटित तीन हॉर्स पावर का सोलर पंप सिस्टम चोरी हो गया है। इस मामले में थाना जसवंतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सोलर पैनल बेचने जा रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
12 अक्टूबर की रात थाना जसवंतनगर पुलिस सिरहौल नहर पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के मामले से संबंधित आरोपी सोलर पैनल बेचने के लिए सिरहौल की तरफ से जसवंतनगर आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन पहिया लोडर को रोक लिया और उसमें सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
छह सोलर पैनल चोरी करने की बात स्वीकारने का दावा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि करीब डेढ़ माह पहले उन्होंने जारी खेड़ा रोड स्थित एक मकान की छत से छह सोलर पैनल चोरी किए थे। इनमें से एक पैनल टूट गया था, जिसे उन्होंने सिरहौल नहर के पानी में फेंक दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी करके अपना खर्च चलाने की बात भी स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार उर्फ ललई, भूपेंद्र उर्फ रोहित और रविंद्र प्रताप, निवासी नगला हीरा सिंह, थाना जसवंतनगर के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 19 वर्ष है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की कार्रवाई
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कमल भाटी, उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, उपनिरीक्षक ललित किशोर चतुर्वेदी तथा कांस्टेबल प्रमोद कुमार, संजय कुमार और आलोक कुमार वर्मा शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर में वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली और अवैध तमंचा बरामद