दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में पंचशील मेट्रो स

दिल्ली में मनचलों ने पीछा कर स्कूटी में मारी टक्कर, 100 मीटर तक घिसटने से युवती गंभीर रूप से घायल

लड़की की स्कूटी को युवक ने मारी टक्कर

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने स्कूटी सवार 21 वर्षीय युवती का कथित तौर पर पीछा कर उसके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

करीब 12 बजे हुई पूरी घटना

साकेत स्थित एक कार्यालय में काम करने वाली युवती ने आरोप लगाया कि घटना 11 सितंबर देर रात करीब 12 बजे हौज खास इलाके में पंचशील मेट्रो स्टेशन के पास हुई, जब वह स्कूटी से घर लौट रही थी। शिकायत के अनुसार, 20 से 25 साल की उम्र के दो बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा किया, उस पर फब्तियां कसीं और छेड़छाड़ की। बाद में उन्होंने मोटरसाइकिल से उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

सड़क पर घिसटने से युवती गंभीर रूप से घायल

युवती के अनुसार, वाहन से नियंत्रण खोने के बाद वह सड़क पर गिर गई। करीब 100 से 150 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे उसे काफी चोट आई। युवती ने बताया कि उसे पहले साकेत के मैक्स अस्पताल ले जाया गया और फिर बाद में नोएडा के मेदांता अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने चोटों की गंभीरता को देखते हुए प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी। हालांकि, पुलिस ने कहा कि उन्हें जो पहली सूचना मिली थी, वह एक सड़क दुर्घटना के बारे में थी, न कि पीछा करने या उत्पीड़न करने को लेकर थी। 

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर नहीं मिला कोई सुराग

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर देर रात करीब एक बजे हौज खास थाने में दुर्घटना की सूचना मिली थी। जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां कोई घायल नहीं मिला। उन्हें पता चला कि युवती को मैक्स अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस अस्पताल पहुंची तो पता चला कि युवती को उसके अनुरोध पर छुट्टी दे दी गई थी। बाद में संपर्क किए जाने पर उसने बताया कि वह इलाज के लिए मेदांता अस्पताल जा रही है। पुलिस को बाद में जानकारी मिली कि वह उपचार के लिए अपने गृहनगर चली गई है। पुलिस ने घटना की पुष्टि के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन उपलब्ध फुटेज में कथित घटना का कोई सुराग नहीं मिला।

वकील के जरिए दी गई औपचारिक शिकायत

उसने बताया कि 14 सितंबर को युवती की रिश्ते की बहन थाने आई और उसे उपलब्ध फुटेज दिखाई गई, लेकिन वह भी युवती या कथित आरोपियों की पहचान नहीं कर सकी। इसके बाद 15 सितंबर को युवती की ओर से एक वकील ने शिकायत दी। पुलिस ने उससे दोबारा संपर्क किया, जिसके बाद उसने चोटों से उबरने के बाद दिल्ली आकर जांच में शामिल होने की बात कही। दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने कहा कि उपयुक्त कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस शिकायतकर्ता के लगातार संपर्क में है। उन्होंने कहा कि युवती अपने गृहनगर में उपचार करा रही है। जल्द ही जांच में शामिल होगी।

ये भी पढ़ें- बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू