ग्वालियर में पूर्व एयरलाइन कर्मचारी के साथ दुष्कर्म, आरोपी की तलाश जारी
ग्वालियर। शहर में एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां इंडिगो एयरलाइंस की पूर्व महिला कर्मचारी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। मामला सिटी सेंटर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक फ्लैट से जुड़ा बताया जा रहा है।
पति से अनबन पर परिचित ने ग्वालियर बुलाया
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से भोपाल के जहांगीराबाद क्षेत्र की रहने वाली है। हाल ही में उसका अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान उसने अपने एक परिचित दोस्त से संपर्क किया, जिसने उसे ग्वालियर बुलाया।
ठहरने के लिए महिला मित्र के फ्लैट मे भेजा
पीड़िता के अनुसार, ग्वालियर पहुंचने पर आरोपी दोस्त ने उसे ठहराने के बहाने अपनी महिला मित्र के परिचित के फ्लैट में भेज दिया। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने मौका पाकर पीड़िता के साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पुलिस के पास पहुंची
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस के पास पहुंची और पूरी आपबीती बताई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
पीड़ित का मेडिकल परीक्षण
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और उसके बयान दर्ज किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। यह मामला एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और भरोसे के नाम पर किए जाने वाले अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/head-constable-dies-by-suicide-alleging-corruption-in-police-department/132668