पूर्व एमएलसी राजन सिंह का व्हाट्सऐप हुआ हैक, परिचितों से मांगे जा रहे पैसे
औरंगाबाद (बिहार)। पूर्व एमएलसी और भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता राजन कुमार सिंह का मोबाइल नंबर साइबर हैकरों ने हैक कर लिया है। हैकर्स मोबाइल वाट्सऐप हैक होने के बाद जिले से लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले उनके मित्रों और संबंधियों से पैसे की डिमांड कर रहे हैं। इस संबंध में पूर्व एमएलसी सिंह ने गुरुवार की शाम 6 बजे एक वीडियो बयान जारी कर लोगों से अपील की है कि उनके वाट्सऐप से यदि किसी भी तरह के पैसे के डिमांड किया जाय तो उसे इग्नोर करें।
साइबर थाने में की शिकायत, जांच शुरू
उन्होंने इसकी सूचना साइबर थाने को दी है। सूचना मिलने पर साइबर थाना पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। गौरतलब है कि इन दिनों साइबर हैकरों ने आतंक मचा रखा है और प्रतिदिन किसी न किसी के वाट्सऐप नंबर हैक हो जा रहे हैं। ये हैकर्स भावनात्मक रूप से मैसेज भेजकर लोगों से पैसे अपने खाते में ट्रांसफर करवा लेते हैं। साइबर पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी ये हैकर पकड़ में नहीं आते। पूर्व एमएलसी के वाट्सऐप हैक करने के बाद उनके परिचितों एवं सगे संबंधियों से 45 हजार रुपए डिमांड किए गए थे।
एपीके फाइल से मोबाइल हैक होने की चेतावनी
पूर्व एमएलसी ने बताया, "जो मेरे अत्यंत निकटतम थे जिन्हें मेरे अकाउंट नबर की जानकारी में थी, उनके पैसे बच गए। क्योंकि जैसे ही मुझे इसकी जानकारी हुई उनका पैसा लौटा दिया गया। लेकिन जो हैकर के बताए नंबर पर रुपए भेजे उसकी रिकवरी के लिए साइबर पुलिस को आवेदन दिया गया है।" जानकार बताते है कि यदि आपके वाट्सऐप पर कोई एपीके फाइल आती है और आप उसे ओपन करते है तो आपका मोबाइल हैक हो जाएगा। ऐसी स्थिति में लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके वाट्सऐप पर किसी भी प्रकार का निमंत्रण या सरकार से संबंधित सूचनाएं एपीके फाइल लिखी हुई आए तो उसे कभी ओपन न करें।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में युवक पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार