सादाबाद में पूर्व फौजी और पत्नी की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
हाथरस {उत्तरप्रदेश}: हाथरस के सादाबाद में बाईपास मार्ग स्थित ताज बॉडी के पास रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां घर के अंदर रह रहे 58 वर्षीय पूर्व फौजी शमशुद्दीन और उनकी पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ शक
जानकारी के मुताबिक, शमशुद्दीन अपनी पत्नी के साथ सादाबाद बाईपास मार्ग पर ताज बॉडी के समीप बने मकान में रहते थे। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक जब घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने परिजनों की मदद से किसी तरह दरवाजा खुलवाया। घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। शमशुद्दीन और उनकी पत्नी के शव खून से सने पड़े थे।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए क्राइम सीन सील कर दिया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जहां टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास रहने वाले लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वारदात से जुड़े सुराग मिल सकें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: नरसिंहपुर में चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान