राजस्थान के डूंगरपुर जिले में आबकारी विभाग ने कार्

डूंगरपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध अंग्रेजी शराब से भरी क्रेटा कार जब्त

Seizes Creta Car Loaded with Illicit Liquor

डूंगरपुर (राजस्थान)। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक वृत्त डूंगरपुर की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने उदयपुर से गुजरात ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब से भरी एक कार को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी तस्कर कार को हाईवे से नीचे उतारकर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

मुखबिर की सूचना पर बरोठी में नाकाबंदी

जिला आबकारी अधिकारी सैयद बशारत अली के निर्देशन एवं आबकारी निरोधक दल के उपायुक्त प्रद्युम्न सिंह के मार्गदर्शन में आबकारी निरीक्षक वृत्त डूंगरपुर को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि क्रेटा कार में अन्य राज्य की अवैध शराब भरकर उदयपुर से गुजरात की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर आबकारी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के बरोठी गांव के पास नाकाबंदी की।

फिल्मी अंदाज में किया पीछा

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध क्रेटा कार तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। आबकारी टीम को देखते ही चालक ने गाड़ी की गति और बढ़ा दी तथा भागने का प्रयास किया। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक कार को हाईवे से नीचे उतारकर गाड़ी छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया।

पंजाब मार्का शराब और फर्जी नंबर प्लेटें बरामद

कार की गहन तलाशी लेने पर उसमें से केवल पंजाब राज्य में बिक्री हेतु मान्य अंग्रेजी शराब के कुल 60 कार्टन बरामद हुए। इनमें रॉयल चैलेंज व्हिस्की के 39 कार्टन (1872 पव्वे) व 18 कार्टन (216 बोतल) तथा ऑल सीजन व्हिस्की के 3 कार्टन शामिल हैं। इसके अलावा तलाशी के दौरान कार के अंदर से कई अलग-अलग नंबरों की फर्जी नंबर प्लेटें भी पाई गईं, जिनका उपयोग तस्करी के दौरान पहचान छिपाने के लिए किया जा रहा था।

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आबकारी विभाग ने वाहन और शराब को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस निरोधात्मक कार्रवाई में आबकारी थाना डूंगरपुर के प्रहराधिकारी शेर सिंह भायल, जमादार नरेन्द्र कुमार तथा आबकारी थाना सागवाड़ा के सिपाही लिछमणराम मय होमगार्ड जाप्ते की भूमिका रही।

यह भी पढ़ेंः इटावा में अज्ञात वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुआ ट्रक, चालक समेत चार लोग घायल