महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी फ्री सफर की सुविधा, रोडवेज ने दिए निर्देश
गोण्डा: रक्षाबंधन पर्व पर महिला यात्रियों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क यात्रा सुविधा की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को गोण्डा रोडवेज बस स्टैंड एवं डिपो में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। आरटीओ प्रशासन राजेश कुमार मौर्य, आरटीओ प्रवर्तन आर.के. सरोज और एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय ने रोडवेज के आरएम व एआरएम के साथ यात्री बसों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला यात्रियों को बताया कि शासन की निर्धारित व्यवस्था के तहत रक्षाबंधन पर उन्हें निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है।
महिला के साथ यात्रा करने वाले शख्स को भी मिलेगी मुफ्त सफर की सुविधा
महिला यात्री के साथ यात्रा करने वाले एक पात्र सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। अधिकारियों ने बस परिचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र महिला यात्री और उनके सहयात्री से यात्रा के लिए किराया न लिया जाए। अधिकारियों ने पुरुष यात्रियों से महिलाओं के प्रति सम्मान, सद्भाव और शालीन व्यवहार बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि यात्रा के दौरान किसी महिला यात्री के साथ अभद्रता या दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज कर्मियों को सुरक्षा नियमों के पालन के सख्त निर्देश
चालक-परिचालकों को निर्देश दिया गया कि ऐसी स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना देकर संबंधित यात्री को पुलिस के सुपुर्द किया जाए । रोडवेज बस चालकों को यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने, निर्धारित गति से वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन का संचालन नहीं करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक यात्रा उपलब्ध कराना परिवहन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन के निर्देशों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई अभी खत्म नहीं हुई: ट्रंप