जानवरों की चर्बी और हड्डियों से बनाया जा रहा था 'नकली घी', प्रशासन ने मारा छापा
खंडवा। शहर में खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। शहर के इमलीपुरा स्थित बेगम पार्क के पास प्रशासन ने एक ऐसी अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जहाँ जानवरों की चर्बी, हड्डियों और खाल का उपयोग करके 'नकली घी' तैयार किया जा रहा था। इस छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर प्रशासन हरकत में आया
गुप्त सूचना मिलने पर जिला प्रशासन हरकत में आया। सिटी मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और नगर निगम के उपायुक्त ने पशु चिकित्सा (Veterinary) विभाग की टीम के साथ मिलकर संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग मकानों में छापेमारी की गई, जहाँ भारी मात्रा में जानवरों की चर्बी, हड्डियाँ और खालें बरामद हुई हैं।
प्रशासन ने जब्त किया गई ड्रम
प्रशासन ने मौके पर मौजूद जानवरों की चर्बी से भरे कई ड्रमों को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह अवैध गतिविधि कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से चोरी-छिपे यह घिनौना कारोबार चलाया जा रहा था।
क्षेत्रवासियों का आरोप, कई बार की गई शिकायत
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस अवैध धंधे को लेकर उन्होंने प्रशासन से कई बार शिकायतें की थीं, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। निवासियों का आरोप है कि उन्हें लगातार बदबू और अस्वच्छ माहौल का सामना करना पड़ रहा था, जिसका सीधा संबंध इस अवैध घी बनाने के काम से था।
नमून लेकर विभाग कर रहा जांच
पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने बरामद सामग्री के नमूने ले लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा ताकि यह पुष्टि हो सके कि चर्बी किन जानवरों की है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मौके पर मौजूद अधिकारियों द्वारा पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस 'नकली घी' को किन बाजारों या दुकानों में सप्लाई किया जाता था। स्थानीय प्रशासन की आगे की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/lavrov-accuses-us-of-using-military-might-for-oil-dominance/179189