जौनपुर के शाहगंज में स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी बन

जौनपुर में स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी बनकर वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल स्टोर संचालकों को देता था धमकी

Fake Health Official Extortion Accused Arrested in Jaunpur

जौनपुर (उत्तरप्रदेश)। जौनपुर के शाहगंज में स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी बनकर मेडिकल स्टोर और क्लीनिक संचालकों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का एक वांछित सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपी खुद को सीएमओ की टीम का सदस्य बताकर मेडिकल स्टोर सील करने की धमकी देता था और कार्रवाई से बचाने के नाम पर हजारों रुपये वसूलता था। पुलिस के जांच में परत-दर-परत मामला खुलने के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

मेडिकल स्टोर संचालक ने दर्ज कराई शिकायत

शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के नटौली इलाके में संचालित एक मेडिकल स्टोर एवं डिस्पेंसरी के संचालक लक्ष्मीशंकर यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 11 जुलाई को तीन लोग उनकी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने खुद को स्वास्थ्य विभाग की टीम का सदस्य बताते हुए डिस्पेंसरी को फर्जी करार दिया और सील करने की धमकी दी।

धमकी देकर हजारों रुपये की गई वसूली

आरोपियों ने पहले 20 हजार रुपये की मांग की। जब संचालक ने असमर्थता जताई तो रकम घटाकर 5 हजार कर दी और आखिरकार धमकी व दबाव बनाकर 3 हजार रुपये वसूल लिए। बाद में पता चला कि यही लोग क्षेत्र के अन्य मेडिकल स्टोर और क्लीनिक संचालकों से भी इसी तरह उगाही कर रहे थे।

पुलिस ने वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान शाहगंज पुलिस ने रविवार को नटौली क्षेत्र से वांछित आरोपी रामनिवास गौतम, निवासी छतरपुर थाना बरदह जनपद आजमगढ़, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी 

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को डराने और उगाही करने वालों पर शाहगंज पुलिस की कार्रवाई जारी है। अब देखना होगा कि इस गिरोह के बाकी सदस्य कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं। 

यह भी पढे़ं: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में शिकार के दौरान युवक की मौत का खुलासा, बंदूक की धमकी से छिपाई गई थी हत्या