फर्जी IAS अधिकारी बनकर महिला डॉक्टर से 3 लाख रुपये की ठगी, नरसिंहपुर पुलिस ने UP से आरोपी को पकड़ा
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। नरसिंहपुर जिले ने एक फर्जी IAS अधिकारी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर एक बड़ी कार्यवाही की है जिसके चलते क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल व्याप्त हो गया है । जानकारी अनुसार पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया है कि थाना कोतवाली, जिला नरसिंहपुर में दिनांक 10.08.2026 को नरसिंहपुर निवासी एक महिला चिकित्सक द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि जीवनसाथी डॉट कॉम के माध्यम से उसकी पहचान संजय कुमार निवासी बभनौती, जिला भदोही (उत्तर प्रदेश) नामक व्यक्ति से हुई।
खुद को डॉक्टर और IAS अधिकारी बताकर महिला को दिया झांसा
उक्त व्यक्ति ने स्वयं को चिकित्सक एवं IAS अधिकारी बताया। आरोपी ने प्रार्थिया को बताया कि उसने एमबीबीएस एवं एमडी पटना (बिहार) से तथा डीएम भुवनेश्वर (ओडिशा) से किया है। इसके पश्चात यूपीएससी में चयनित होकर मध्यप्रदेश कैडर प्राप्त होने तथा वर्तमान में जिला धार में एसडीएम पद पर पदस्थ होने का दावा किया। साथ ही उसने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से घनिष्ठ संबंध होने की बात भी कही।
मदद का भरोसा देकर महिला डॉक्टर से करीब 3 लाख रुपये ऐंठे
आरोपी ने प्रार्थिया को सहायता करने का आश्वासन देकर उसे विश्वास में लिया तथा विभिन्न माध्यमों से उससे लगभग 3 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। बाद में संदेह होने पर प्रार्थिया द्वारा थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस की विशेष टीम ने वाराणसी में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
वही पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी एवं प्रकरण के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया। जो आरोपी के निवास स्थान की जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस टीम को वाराणसी (उत्तर प्रदेश) रवाना किया गया। तकनीकी साक्ष्यों एवं स्थानीय पतासाजी के आधार पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।
यह भी पढ़े: मोदी-शाह के इस्तीफे तक चैन से नहीं सोने देंगे: राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर तीखा हमला