पिता की हत्या के केस में गवाही देने पर विवाद, घर में घुसकर परिवार पर हमला
औरंगाबाद: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेला गांव में पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडे से हुए हमले में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। सदर अस्पताल में इलाज करा रहे घायल धर्मवीर पासवान ने बताया कि गांव के ही कृष्णा पासवान, उमेश पासवान, विमला देवी और ललसा देवी ने उसके परिवार पर हमला किया है। यह हमला गांव के लोगों के सामने ही की गई और ग्रामीणों के द्वारा बीच बचाव करने पर उनकी जान बची।
गवाही देने पर मिल रही थी धमकी
धर्मवीर के अनुसार, उसके पिता की हत्या 9 फरवरी 2021 को गर्दन काटकर कर दी गई थी। उस हत्याकांड में उसने गवाही दी थी। कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। इसी को लेकर आरोपियों द्वारा लगातार केस उठाने की धमकी दी जा रही थी, जब केस नहीं उठाया और आरोपियों के कहने पर समझौता नहीं किया गया तो उनके द्वारा गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर लाठी-डंडे से मारपीट की गई, जिसमें वे, उनकी पत्नी और उनका बेटा घायल हो गए।
कोर्ट में भी चल रहा मामला
हमले में धर्मवीर के सिर पर गंभीर चोट आई है। वहीं, उसकी पत्नी और बेटे को भी चोट आई है। सभी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का बयान दर्ज किया। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था, जिसे लेकर मामला कोर्ट में भी है, लेकिन अभी मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस मामले में आरोपी पक्ष का बयान नहीं लिया जा सका है। बयान मिलने पर उनका भी पक्ष रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें- चंदौली से प्रयागराज के लिए रवाना हुए हजारों भाजपा कार्यकर्ता, पदयात्रा में होंगे शामिल