औरंगाबाद में अज्ञात वाहन की टक्कर से उजड़ गया एक घर, जिंदगी और मौत से जूझ रहा है मृतक का भाई
औरंगाबाद (बिहार)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय दद्दपी के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
शिवगंज से घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी रामबली यादव के पुत्र अंकित कुमार उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। उसका छोटा भाई उमेश कुमार इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, दोनों भाई शिवगंज से टोटो पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे दद्दपी गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टोटो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो चकनाचूर हो गया। अंकित कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उमेश कुमार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया NH-19 जाम
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मृतक के परिजनों को आर्थिक मुआवजा और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर NH-19 जाम कर दिया।
प्रशासन की लापरवाही के कारण रोज हो रहे हादसे
ग्रामीणों का कहना था कि NH-19 पर रात में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक बढ़ता जा रहा है। प्रशासन की लापरवाही के कारण रोज हादसे हो रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने काफी समझा-बुझाकर जाम हटवाया। काफी मशक्कत के बाद आक्रोशितो को समझा बुझाकर पुलिस ने एनएच 19 को जाम से मुक्त कराया। इस दौरान काफी देर तक यातायात बाधित रहा और लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी।
आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि फरार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अंकित अपने घर का इकलौता कमाने वाला था। उसके जाने से घर में मातम पसरा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद कलेक्ट्रेट का फर्जी बाबू बन 2 करोड़ ठगे, दबोचा गया शातिर