पोस्टर लगाकर तलाश रहे थे परिजन, तीन दिन बाद मिला 30 वर्षीय युवक का शव
जौनपुर {उत्तर प्रदेश}: स्थानीय थाना क्षेत्र के मुजक्कीपुर गांव में तीन दिनों से लापता 30 वर्षीय युवक का शव घर से कुछ दूरी पर मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने शव की पहचान दीपक विश्वकर्मा पुत्र सुरेंद्र विश्वकर्मा के रूप में की। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
फर्नीचर का काम करते थे दीपक
बताया गया कि दीपक विश्वकर्मा फर्नीचर का काम करते थे। परिजनों के अनुसार वह 30 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी ली गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए पोस्टर भी लगवाए थे।
घर से कुछ दूरी पर मिला शव
मंगलवार को ग्रामीणों को घर से कुछ दूरी पर एक युवक का शव पड़ा होने की जानकारी मिली। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। सूचना पर परिजन भी वहां पहुंचे और शव की पहचान दीपक के रूप में की। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। खुटहन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। दीपक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा है। वहीं घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: अमेठी में रामगंज बाजार में नेशनल हाईवे पर सड़क हादसा, सिक्योरिटी गार्ड की मौत