जसवंतनगर में खेत की सिंचाई के लिए जा रहे 55 वर्षीय

जसवंतनगर में ट्रेन की चपेट में आने से किसान की मौत, खेत की सिंचाई के लिए निकले थे घर से

Farmer Dies After Being Hit by Train in Jaswantnagar

जसवंतनगर (उत्तर प्रदेश)। खेतों की सिंचाई के लिए घर से निकले 55 वर्षीय किसान की रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हादसा इतना भीषण था कि किसान का शव क्षत-विक्षत हो गया।

खेत जाते समय टाटा-जम्मू तवी ट्रेन की चपेट में आए अर्जुन सिंह

जानकारी के अनुसार ग्राम नगला भारे निवासी अर्जुन सिंह (55) पुत्र श्रीपाल बुधवार सुबह अपने खेतों की ओर सिंचाई के लिए जा रहे थे। बताया गया कि खेत पर पहुंचने के लिए उन्हें रेलवे लाइन पार करनी थी। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही टाटा-जम्मू तवी ट्रेन की चपेट में वह आ गए। तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर लगते ही अर्जुन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

किसान की मौत से परिवार में मचा कोहराम, गांव में शोक की लहर

हादसे की जानकारी जैसे ही गांव और परिजनों को मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी रुकमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो बेटे और चार बेटियां छोड़ गए हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। किसान की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू

सूचना मिलते ही जसवंतनगर चौकी इंचार्ज हेमंत कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।  

यह भी पढ़े:   छात्र प्रदर्शनों पर हंगामे के बीच लोकसभा स्थगित, अमित शाह ने चर्चा की पेशकश की