औरंगाबाद में खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान की मौत
औरंगाबाद (बिहार)। कुटुंबा प्रखंड के दधपा पंचायत अंतर्गत बसौरा गांव में शनिवार की देर शाम धान की सिंचाई के दौरान 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान बसौरा निवासी बृजनंदन साव के 38 वर्षीय पुत्र मुकेश साव के रूप में हुई है।
घटना से गांव में शोक की लहर
घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार मुकेश साव खेत में मोटर से धान की फसल की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान वे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के ग्रामीण उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल कुटुंबा ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया। मुकेश साव खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। अपने पीछे वे पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: जौनपुर में मासूम की मौत के बाद अस्पताल के बाहर हंगामा