अमेठी में बारिश बनी आफत, कच्चा मकान गिरने से किसान की गई जान
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जिले में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। बारिश के बीच शाम को कच्चा मकान ढहने से मलबे में दबकर सरूवावा नया का पुरवा गांव निवासी किसान श्यामलाल चौहान (65) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
लगातार बारिश के कारण मकान में सीलन
परिजनों के मुताबिक, श्यामलाल चौहान खेती-बाड़ी करते थे। शाम को खेत से लौटने के बाद वह कच्चे मकान की दीवार से लगे सीमेंट की चादर वाले बरामदे में लेट गए थे। लगातार बारिश के कारण मकान में सीलन आ गई थी। इसी बीच अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई और श्यामलाल मलबे में दब गए।
मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे
मकान में मौजूद उनकी पत्नी सोमना को हादसे में चोट नहीं आई। वहीं, घर-गृहस्थी का सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर श्यामलाल को बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी ले गए।
चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत किया घोषित
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया।
मलबे में दबकर होने वाली मौत दैवी आपदा की श्रेणी में
इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल सुल्तानपुर में मौत होने के कारण पोस्टमार्टम की कार्रवाई वहीं से की जा रही है। राजस्व विभाग को भी घटना की सूचना दे दी गई है। एसडीएम पंकज मिश्र ने बताया कि मकान या दीवार के मलबे में दबकर होने वाली मौत दैवी आपदा की श्रेणी में आती है। राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान और घटना की रिपोर्ट मांगी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
आवास योजना का लाभ नहीं मिलने का आरोप
मृतक के बेटे मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके पिता को आवास योजना का लाभ नहीं मिला था। उनका कहना है कि यदि परिवार को पक्का आवास मिल गया होता तो शायद यह हादसा नहीं होता। बीडीओ दिव्या सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि परिवार को आवास योजना का लाभ मिला था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पति के शव से लिपटकर बिलखती रहीं सोमना
श्यामलाल की मौत की खबर मिलते ही पत्नी सोमना पति के शव से लिपटकर बिलखने लगीं। उन्हें रोता देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गई।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में जलभराव से 32 लोग फंसे, प्रशासन ने नाव से किया सुरक्षित रेस्क्यू