बहराइच में जंगली जानवर के हमले में किसान की मौत, जंगल में मिला अधखाया शव
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। जिले के मूर्तिहा कोतवाली क्षेत्र स्थित ककरहा वन रेंज में शुक्रवार को जंगली जानवर के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्मपुर बेझा गांव निवासी दशरथ यादव (48) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मवेशी चराने गए थे जंगल
जानकारी के अनुसार, दशरथ यादव शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे रोज की तरह अपने मवेशियों को चराने के लिए ककरहा रेंज के जंगल गए थे। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और इसकी सूचना वन विभाग व स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त टीम रात में जंगल में खोजबीन के लिए निकली।
चार किलोमीटर अंदर मिला अधखाया शव
करीब चार किलोमीटर अंदर जंगल में दशरथ यादव का अधखाया शव बरामद हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, शव का एक पैर किसी जंगली जानवर द्वारा खाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बाघ के हमले की आशंका, जांच जारी
वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मवेशी चराने के दौरान किसी जंगली जानवर, संभवतः बाघ के हमले में ग्रामीण की मौत होने की आशंका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल में न जाएं, सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की गतिविधि की तत्काल सूचना विभाग को दें। वहीं, ग्रामीणों ने लगातार बढ़ रहे वन्यजीव हमलों पर चिंता जताते हुए बाघ को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
यह भी पढ़े: चंदौली में मंदिर ध्वस्तीकरण हादसे में घायल मजदूर की मौत, विधायक ने 50 लाख मुआवजे की मांग की