गजाधर बिगहा गांव में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से किसान की दर्दनाक मौत, पसरा मातम
औरंगाबाद (बिहार)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गजाधर बिगहा गांव में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक 45 वर्षीय किसान की मौत हो गई। मृतक किसान की पहचान उक्त गांव निवासी रामाश्रय यादव के पुत्र ललन कुमार के रूप में हुई है। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि घर से 50 मीटर की दूरी पर स्थित देवी मंदिर के समीप हाई टेंशन तार टूट कर गिरा हुआ था।
मंदिर के पास टूटा गिरा था तार
किसी काम से रामाश्रय यादव अपने घर से निकलकर बाहर जा रहे थे। इस दौरान मंदिर के समीप टूटकर गिरे तार को देख नहीं सके और अचानक चपेट में आ गए। हाई टेंशन तार की चपेट में आते ही घटनास्थल पर ही किसान रामाश्रय यादव की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने जब देखा तो शोरगुल मचाया। शोरगुल की आवाज सुनकर स्थानीय लोग व परिजन पहुंचे और किसी तरह हाई टेंशन तार के संपर्क से रामाश्रय यादव को अलग किया।
अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
इसके बाद आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां के डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन शव से लिपटकर चीत्कार उठे। परिजनों की चीत्कार से सदर अस्पताल का कोना-कोना दहल उठा। इसके बाद घटना की सूचना नगर थाना को पुलिस को दी गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
सूचना पर नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और परिजनों से जरूरी पूछताछ के उपरांत शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक रामाश्रय के दो बेटे राहुल व रवि हैं। घटना के बाद से पत्नी रीता देवी सहित अन्य परिजनों पर दुखो का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक गांव में ही खेतीबाड़ी कर परिजनों का भरण-पोषण करते थे। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: डोंगरगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब तस्करी पर शिकंजा, चाकू लहराने वाला युवक समेत 5 गिरफ्तार