बिहार: लखीसराय में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर किसान की मौत, मुआवजे की उठी मांग
लखीसराय (बिहार)। लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर चेतन टोला खुटहा में बिजली गिरने से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्व. बीनो सिंह के पुत्र लगभग 55 वर्षीय रामविलास सिंह के रूप में हुई है।
खराब मौसम के बीच हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, रामविलास सिंह खेत से जलावन लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब होने के बीच आकाशीय बिजली गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़हिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेज दिया है। वृद्ध की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। आकाशीय बिजली से किसान की हुई मौत पर लखीसराय जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग
वज्रपात (आकाशीय बिजली) से किसान की मृत्यु होने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने बिहार सरकार द्वारा मृतक के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन योजना के तहत ₹4 लाख का अनुग्रह अनुदान (मुआवजा) देने की मांग लखीसराय जिला प्रशासन से की है।
यह भी पढ़ें: गरोठ में नशा तस्कर पर बुलडोजर कार्रवाई, ₹5 करोड़ की संपत्ति ध्वस्त