बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर स्थित धनवार चेकपोस्ट पर

धनवार अंतरराज्यीय नाके पर किसानों का प्रदर्शन, मुआवजे की मांग को लेकर जताया विरोध

Farmers Protest Over Pending Compensation at Dhanwar Checkpost

बलरामपुर (छत्तीसगढ़)। जिले के वाड्रफनगर स्थित धनवार चेकपोस्ट पर बुधवार को प्रभावित किसानों ने जमीन अधिग्रहण के बाद अब तक मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द मुआवजे भुगतान की मांग की।

20 एकड़ जमीन अधिग्रहण का मामला

जानकारी के अनुसार, धनवार अंतरराज्यीय चेकपोस्ट निर्माण के लिए प्रशासन द्वारा करीब 20 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया था। किसानों का आरोप है कि जमीन अधिग्रहण के वर्षों बाद भी उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिला, जिससे वे आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

एसडीएम की समझाइश के बाद खत्म हुआ आंदोलन

प्रदर्शन के दौरान एसडीएम ने किसानों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद आंदोलन समाप्त किया गया। एसडीएम ने कहा कि प्रभावित किसानों की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा तथा मामले के निराकरण का प्रयास किया जाएगा।

 ₹8 लाख मुआवजे पर उठे सवाल

वहीं प्रभावित किसान मिथलेश दुबे ने बताया कि शासन स्तर पर लगभग ₹8 लाख मुआवजा स्वीकृत किया गया था, लेकिन वह राशि किसके खाते में गई इसकी जानकारी विभाग नहीं दे पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले में स्पष्ट जवाब देने से बच रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/bulldozer-action-on-illegal-plotting-across-150-acres-in-mangatta/206467

मनगट्टा में प्रशासन का बड़ा बुलडोजर एक्शन, 150 एकड़ पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त