फतेहपुर में नवजात बेटी की छठी से पहले 30 वर्षीय वि

फतेहपुर में नवजात बेटी की छठी से पहले युवक की मौत, परिवार में मातम

Fatehpur Man Dies Before Newborn Daughter's Chhathi Ceremony (प्रतिकात्मक तस्वीर)

फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र के पनेरूवा गांव में शुक्रवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी विकास कुमार (30) पुत्र जयकिशोर ने घर के कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर विकास को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

छह दिन से मानसिक तनाव में था विकास

परिजनों के अनुसार, विकास पिछले करीब छह दिनों से मानसिक तनाव में था और अत्यधिक शराब का सेवन कर रहा था। शनिवार को उसकी महज छह दिन की नवजात बेटी की छठी का कार्यक्रम होना था। परिवार में इसको लेकर खुशियों का माहौल था, लेकिन इससे पहले ही विकास के आत्मघाती कदम ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

नवजात बेटी की छठी से पहले पिता की मौत

मृतक की पत्नी रन्नो देवी (26) और मां कांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी दिव्यांशी (9) और छोटी बेटी राव्या, जिसकी उम्र महज छह दिन है। नवजात बेटी की छठी से पहले पिता की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

पांच भाइयों में सबसे बड़ा था विकास

बताया गया कि विकास पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। 

यह भी पढ़े:   चंदौली में महिला की मौत के बाद अवंतिका हॉस्पिटल सीज, जांच में मिलीं कई अनियमितताएं