बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए पिता पर हत्या की साजिश का आरोप, 6 आरोपी गिरफ्तार
औरंगाबाद: हत्याकांड में गोह पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दो साल पहले रफीगंज थाना क्षेत्र के औरवां गांव निवासी रामपुकार यादव के बेटे की कथित तौर पर मुमताज ने हत्या कर दी थी। इसी रंजिश में रामपुकार यादव ने पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर 17 अक्टूबर को मुमताज की हत्या कर दी। घटना के सात दिन बाद गोह पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
छह आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
पकड़े गए आरोपियों की पहचान फाग गांव निवासी लवकुश पासवान (21), धर्मेंद्र कुमार (30), रामपुर गांव निवासी अर्जुन कुमार (30), नेयामतपुर गांव निवासी योगेश यादव (48), रफीगंज थाना क्षेत्र के औरवां गांव निवासी रामपुकार यादव (59) और साहब सिंह (40) के रूप में की गई है। विदित हो कि 19 अक्टूबर को रफीगंज थाना क्षेत्र के औरवां गांव निवासी और वर्तमान में गोह थाना क्षेत्र की न्यू एरिया नहर कॉलोनी में रहने वाले 40 वर्षीय मुमताज के लापता होने की प्राथमिकी गोह थाने में दर्ज कराई गई थी।
गुमशुदगी की जांच के दौरान मिला शव
इसी क्रम में 21 अक्टूबर को गोह थानाध्यक्ष राजीव कुमार को सूचना मिली कि अल्हण परासी के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान मुमताज के रूप में हुई। गुमशुदा व्यक्ति की हत्या की पुष्टि होने के बाद मामले को हत्या से संबंधित धाराओं में बदल दिया गया।
एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचनाओं के आधार पर लवकुश पासवान और धर्मेंद्र कुमार को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उन्होंने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर मुमताज की हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल, बाइक और कार बरामद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, बाइक और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है।
बेटे की हत्या का बदला लेने की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रामपुकार यादव ने बताया कि वर्ष 2023 में दुर्गा पूजा की सप्तमी के दिन मुमताज ने कथित तौर पर उसके बेटे की हत्या कर शव रेलवे पटरी पर फेंक दिया था। इसी घटना को हत्या की वजह बताया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: जैतपुर में घर से रहस्यमय ढंग से लापता हुई 25 वर्षीय युवती, दो युवकों पर अपहरण का आरोप