बेटे की हत्या की साजिश में पिता गिरफ्तार, 3 लाख रुपये में दी थी सुपारी; चार आरोपी पकड़े गए
भिंड: जिले के देहात थाना क्षेत्र के मानपुरा में तीन दिन पहले बोरी में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, बेटे की शराब पीने की लत से परेशान पिता ने कथित तौर पर 3 लाख रुपये की सुपारी देकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने युवक को पहले किसी बहाने से गाड़ी में बैठाया और फिर चलती गाड़ी में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद 90 किलोमीटर दूर फेंका शव
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी शव को गाड़ी में रखकर कई घंटों तक घूमते रहे। इसके बाद करीब 90 किलोमीटर दूर भिंड लाकर देहात थाना क्षेत्र के मानपुरा के पास शव को पॉलीथिन में डालकर सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में आरोपी पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
उत्तर प्रदेश के उरई का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई निवासी रईस अहमद के रूप में हुई है। उसकी उम्र 37 वर्ष बताई गई है। वह शिवपुरी मोहल्ला, वार्ड नंबर 21, थाना उरई का निवासी था।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में बेटे की हत्या की साजिश में पिता की कथित भूमिका सामने आई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: बाराबंकी में जिंदा बुजुर्ग को कागजों में मृत दिखाकर जमीन हड़पने की साजिश, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज