बेटी के घर नागपंचमी की सिदोरी पहुंचाकर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत
बैतूल (मध्य प्रदेश)। बेटी के घर नागपंचमी की सिदोरी (रोटी) पहुंचाकर घर लौट रहे एक पिता की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बुधवार देर रात नेशनल हाईवे-47 पर ससुन्द्रा के पास हुआ।
अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार
जानकारी के अनुसार सुभाष वरकड़े ठानी से अपनी बेटी की नागपंचमी की सिदोरी देकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए।
डॉक्टर ने जांच के बाद मृत किया घोषित
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम ने घायल सुभाष को उपचार के लिए सीएचसी मुलताई पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार में मातम छा गया। त्यौहार की खुशीयां गम में बदल गई।
मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू
पुलिस ने अस्पताल में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ेंः उमरिया में घोरछत्र नदी से अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस