परीक्षा देकर लौट रहे बेटे को लेने निकले पिता को ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर मौत; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जमुई (बिहार): जिले के जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर स्थित बिजली कार्यालय के समीप सोमवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के बसैया गांव निवासी बमबम सिंह के रूप में हुई है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से हुई इस घटना ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया।
परीक्षा देकर लौट रहा था बेटा
जानकारी के अनुसार, बमबम सिंह सोमवार रात करीब 11 बजे अपने पुत्र मोहित कुमार सिंह को लेने महिसौड़ी चौक जा रहे थे। मोहित सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और परीक्षा देने पटना गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद देर रात जमुई लौटने पर उन्हें घर जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला, जिसके बाद उनके पिता उन्हें लेने निकले थे।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
इसी दौरान बिजली कार्यालय के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बमबम सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया।
अस्पताल में जुटे परिजन, मचा कोहराम
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को सदर अस्पताल भेजा गया तथा पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में मातम का माहौल छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बेटे ने सुनाई दर्दभरी कहानी
मृतक के पुत्र मोहित कुमार सिंह ने बताया कि वे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और परीक्षा देकर लौट रहे थे। देर रात होने के कारण उन्होंने पिता को फोन किया था। पिता उन्हें लेने निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।
गांव में शोक की लहर, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद बसैया गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फरार ट्रैक्टर और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वाहन और चालक की पहचान होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: स्मैक तस्करों के हमले में कई घायल