उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक बुजुर्ग पिता अ

सऊदी से लौटे बेटे की संदिग्ध मौत, पिता ने कब्र खोदकर पोस्टमार्टम कराने की उठाई मांग

Son Dies After Saudi Return, Probe Sought

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक बुजुर्ग पिता अपने बेटे की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है। पीड़ित का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या कर दी गई और बिना उसकी सहमति के शव को जल्दबाजी में दफना दिया गया। अब उसने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सऊदी से लौटा था बेटा

पीड़ित रमजान खान, पुत्र स्वर्गीय लियाकत हुसैन, निवासी ग्राम जिगनी, थाना बिंदकी, जिला फतेहपुर ने अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका पुत्र किफायत उल्ला लगभग चार वर्ष तक सऊदी अरब में नौकरी करने के बाद 16 मई 2026 को घर लौटा था। विदेश में रहने के दौरान उसने अपनी पत्नी तैयबा खातून और अपने बहनोई रईसुल, पुत्र जहीर खान, के बैंक खातों में करीब 12 से 13 लाख रुपये भेजे थे।

पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद

शिकायत के अनुसार, घर लौटने के बाद किफायत उल्ला ने अपने पिता से विदेश से भेजी गई रकम के बारे में पूछा। पिता ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद किफायत उल्ला ने अपनी पत्नी और बहनोई से पैसों के बारे में पूछताछ की, लेकिन दोनों कथित रूप से टालमटोल करते रहे।

जहर देकर हत्या का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि 22 मई 2026 की रात करीब 10 बजे उसकी बहू तैयबा खातून और बहनोई रईसुल ने मिलकर उसके बेटे को जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि दोनों के बीच कथित अवैध संबंध थे और पैसों के विवाद के साथ मिलकर इसी वजह से इस घटना को अंजाम दिया गया।

बिना सहमति के कर दिया दफन

रमजान खान का कहना है कि बेटे की मौत के बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध शव को घर के पीछे स्थित कब्रिस्तान में जल्दबाजी में दफना दिया गया। उनका आरोप है कि उन्हें यह कहकर डराया-धमकाया गया कि यदि उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो पूरे परिवार को परेशान किया जाएगा। इसी डर के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सके।

शव का रंग नीला पड़ने का दावा

पीड़ित का दावा है कि दफनाने से पहले उसके बेटे का शव नीला पड़ गया था, जिससे उसे विष देकर हत्या किए जाने की आशंका और अधिक प्रबल हो गई। अब रमजान खान ने जिला प्रशासन से कब्र से शव निकलवाकर विधिक प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराने की मांग की है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। उनका कहना है कि यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ित बुजुर्ग ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है।

यह भी पढ़े: 14 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से दरिंदगी, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पेड़ से बांधकर पीटा; वीडियो वायरल