कपड़ा व्यापारियों की खींचतान के बीच महिला ग्राहक की बिगड़ी तबीयत
रीवा: देर रात दो कपड़ा व्यापारियों के बीच का व्यावसायिक तनाव अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आस-पास स्थित दुकानों के बीच ग्राहक खींचने और व्यापारिक प्रतिस्पर्धा को लेकर छिड़ा विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों पक्ष सड़क पर उतर आए और लात-घूंसे चलने लगे। इस दौरान मारपीट की चपेट में आकर एक महिला व्यापारी मौके पर ही बेहोश हो गई। पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और दुकान संचालन को लेकर चल रहा था मनमुटाव
जानकारी के अनुसार, रीवा शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में गुलाब गुप्ता और ज्योति गुप्ता की कपड़े की दुकानें एक-दूसरे के बिल्कुल पास-पास स्थित हैं। दोनों दुकानदारों के बीच लंबे समय से व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और दुकान संचालन को लेकर मनमुटाव चला आ रहा था। शुक्रवार देर रात ग्राहकों को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते जुबानी जंग हाथापाई और मारपीट में बदल गई। दोनों तरफ से तीखी बहस के बाद मारपीट होने लगी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
झड़प के दौरान बिगड़ी ज्योति गुप्ता की तबीयत
झड़प के दौरान पीड़िता ज्योति गुप्ता की तबीयत अचानक बिगड़ गई और अचानक सड़क पर गिर पड़ीं। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत बीच-बचाव कर उन्हें संभाला। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पहले हमला करने और मारपीट करने के संगीन आरोप लगाए हैं, जहां गुलाब गुप्ता ने ज्योति गुप्ता पर मारपीट का आरोप लगाया है, वहीं ज्योति गुप्ता ने गुलाब गुप्ता पर बदसलूकी और हमले की बात कही है।
वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। विवाद का लाइव वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसका संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- रीवा में सड़क पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका