उज्जैन की पंडित सूर्य नारायण व्यास धर्मशाला में दि

उज्जैन: महाकाल धर्मशाला में महिला श्रद्धालु से मारपीट और अभद्रता, सुरक्षाकर्मियों पर लगे गंभीर आरोप

महाकाल धर्मशाला में महिला श्रद्धालु से मारपीट

उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर से जुड़ी पंडित सूर्य नारायण व्यास धर्मशाला में दिल्ली निवासी महिला श्रद्धालु प्रेरणा गर्ग ने सुरक्षाकर्मियों पर अभद्रता और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के अनुसार, 16 सितंबर को वह अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ धर्मशाला पहुंची थीं और कमरे की उपलब्धता को लेकर कर्मचारियों से जानकारी ले रही थीं।

महिला ने सुरक्षाकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप

महिला का आरोप है कि कमरा उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने चेक-आउट या बुकिंग कैंसिल होने पर कमरा मिलने की संभावना पूछी। इसके बाद वह धर्मशाला परिसर में बैठकर ऑनलाइन दूसरा होटल तलाशने लगीं। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने उनके बाल खींचे, धक्का दिया और मोबाइल भी छीन लिया।

घटना का वीडियो आया सामने

महिला के मुताबिक, पूरी घटना उनकी 13 वर्षीय बेटी के सामने हुई, जिससे बच्ची घबरा गई। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला और सुरक्षाकर्मियों के बीच बहस सुनाई दे रही है। प्रेरणा ने मामले को लेकर महाकाल थाने में लिखित आवेदन दिया है। थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष पलवड़िया ने कहा कि समिति को प्रत्यक्ष शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।

मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं और सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार को लेकर चर्चा हुई शुरू

गौरतलब है कि इससे पहले जून में गणेश मंडपम और अगस्त में महाकाल लोक में भी श्रद्धालुओं एवं सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद के वीडियो सामने आए थे। ताजा मामले के बाद एक बार फिर मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं और सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। वर्तमान मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। 

ये भी पढ़ें- मेरठ पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, बुलडोजरों से हुआ भव्य स्वागत