मुगलसराय के ऊपर उड़ते दिखे फाइटर विमान बने चर्चा का विषय
चंदौली: शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) का आसमान अचानक फाइटर विमानों की तेज गर्जना से गूंज उठा। आसमान में एक के बाद एक तेज रफ्तार से उड़ते लड़ाकू विमानों को देखकर लोग कुछ देर के लिए हैरान रह गए। कई लोगों ने अपने घरों की छतों, सड़कों और बाजारों से इन विमानों को देखा और मोबाइल कैमरों में उनका वीडियो कैद कर लिया। देखते ही देखते ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे।
फाइटर विमानों की तेज आवाज सुनकर घरों से बाहर आ गए लोग
फाइटर विमानों की तेज आवाज सुनकर कुछ लोग घरों से बाहर निकल आए, जबकि बच्चों और युवाओं में इन्हें देखने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कई लोग यह जानने का प्रयास करते रहे कि आखिर अचानक इतनी संख्या में लड़ाकू विमान क्षेत्र के ऊपर क्यों उड़ान भर रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
लोगों ने लगाया अनुमान
हालांकि, इस संबंध में किसी भी प्रशासनिक व सैन्य अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। लोगों का अनुमान है कि यह उड़ानें संभवतः वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो या किसी सैन्य अभ्यास की तैयारियों का हिस्सा हो सकती हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लोगों ने इस नजारे को भारतीय वायुसेना की ताकत का प्रतीक बताया
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लड़ाकू विमान बेहद तेज गति से उड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो पर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे रोमांचक नजारा बताया, जबकि कुछ ने इसे भारतीय वायुसेना की ताकत का प्रतीक बताया। फिलहाल फाइटर विमानों की उड़ान चर्चा का विषय बनी हुई है। आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह नियमित सैन्य अभ्यास था या किसी विशेष आयोजन की तैयारी का हिस्सा। तब तक वायरल वीडियो और लोगों की उत्सुकता शहर में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
'नमो घाट' पर आयोजित किया जाएगा भव्य एयर शो
बता दें कि भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 8 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के नमो घाट पर भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में राफेल लड़ाकू विमान, सूर्य किरण एरोबेटिक टीम समेत 100 से अधिक सैन्य विमान अपनी हैरतअंगेज हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगे, जिसके लिए एयर शो की तैयारियों के तहत शनिवार सुबह वाराणसी के आसमान में तीन जैगुआर लड़ाकू विमानों ने रिहर्सल किया है।
ये भी पढ़ें- 8 अक्टूबर 2026 को राफेल लड़ाकू विमान समेत 100 से अधिक सैन्य विमान नमो घाट पर करेंगे हवाई प्रदर्शन