बलिया में ओम प्रकाश राजभर की तस्वीर से छेड़छाड़ कर

बलिया में ओम प्रकाश राजभर की आपत्तिजनक तस्वीर फेसबुक पर साझा करने पर युवक पर केस

File photo of Om Prakash Rajbhar

बलिया (उत्तर प्रदेश)। बलिया जिले के उभांव क्षेत्र में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर की तस्वीर से छेड़छाड़ कर उसे आपत्तिजनक स्वरूप देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'फेसबुक' पर साझा करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

कलीम के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज

पुलिस के मुताबिक, सियर विधानसभा क्षेत्र से सुभासपा के अध्यक्ष डॉ. हरिनाथ राजभर की तहरीर पर उभांव थाने में बुधवार रात कलीम नामक युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता, घृणा या द्वेष पैदा करने वाली झूठी सूचना जानबूझकर फैलाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि कलीम ने मंत्री ओम प्रकाश राजभर की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर उसे आपत्तिजनक स्वरूप दिया और उस 8 सितंबर को अपने फेसबुक खाते से साझा किया।

मुंबई में आरोपी की तलाश, जांच जारी

थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हरकत थाना क्षेत्र के बिठूआ गांव निवासी कलीम ने की है। पुलिस को उसके मुंबई में होने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: अशोक सिद्धार्थ ने लिया राजनीति से संन्यास, मायावती ने आकाश आनंद को BSP से किया मुक्त