अमृतसर के रामबाग इलाके में गुरुवार को भीषण आग लगने

रामबाग बाजार में भीषण आग में जिंदा जलने से एक की मौत, संपत्ति को भारी नुकसान

Fire Breaks Out in Amritsar’s Rambagh Market, One Dead

अमृतसर (पंजाब)। अमृतसर के रामबाग इलाके में गुरुवार को भीषण आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है और संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं और आग बुझाने का प्रायस जारी है।

पुलिस ने मलबे से बरामद किया एक शव

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आग एक प्रमुख बाज़ार इलाके में लगी थी। असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस रविंदर सिंह ने हताहत की पुष्टि की और आग लगने के संभावित कारण के बारे में बताया। सिंह ने कहा, "यह इलाका रामबाग पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। ऐसा लगता है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। हमने मौके से एक शव बरामद किया है।"

कानून-व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल तैनात

बचाव कार्यों का जायज़ा लेने मौके पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के विधायक अजय गुप्ता ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "रामबाग शहर का एक प्रमुख बाज़ार है और यह खास इलाका बांस बेचने वालों के लिए है। सूचना मिलते ही, हमने तुरंत दमकल अधिकारियों से संपर्क किया ताकि जल्द से जल्द गाड़ियां भेजी जा सकें। यहां भारी भीड़ जमा हो गई है। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को तैनात किया गया है।"

90 फीसदी आग पर पाया गया काबू

आग की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए विधायक ने आगे कहा कि लगभग 90 प्रतिशत स्थिति नियंत्रण में है। बस लगभग 10 प्रतिशत आग बुझानी बाकी है। जल्द ही इस आग पर काबू पा लिया जाएगा। गुप्ता ने आगे आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, "मैं फ़ोन पर मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात करूंगा और जो भी नुकसान हुआ है, हम उसकी भरपाई करेंगे। एक व्यक्ति की मौत हुई है जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।"

यह भी पढ़ें: पिकअप की टक्कर से घायल किसान की सातवें दिन मौत, परिजनों में आक्रोश