इटावा के जसवंतनगर में कचौरा बाईपास पर रविवार रात च

इटावा के जसवंतनगर में चलती बस के पहियों में लगी आग, यात्रियों को सुरक्षित उतारा

बस से उठता धुंआ

जसवंतनगर, इटावा (उत्तर प्रदेश)। यात्रियों की सुरक्षा के दावों के बीच जसवंतनगर के कचौरा बाईपास मार्ग पर रविवार रात करीब 9:45 बजे एक चलती बस के पहियों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। श्रीराम ट्रेवल्स, भदावर की बस में हुई इस घटना ने परिवहन व्यवस्था और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित उतार लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ब्रेक शू चिपकने के कारण आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस के पहियों में ब्रेक शू चिपकने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। यदि समय रहते आग पर ध्यान नहीं जाता, तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी। बस में सवार यात्रियों के लिए कुछ पल दहशत भरे रहे।

फिटनेस प्रमाणपत्र के बावजूद कैसे मंडराता है खतरा?

इस घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या सड़क पर दौड़ने वाले यात्री वाहनों की नियमित तकनीकी जांच और रखरखाव की प्रभावी निगरानी हो रही है? परिवहन विभाग की जिम्मेदारी केवल फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने तक सीमित है या यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उसकी जवाबदेही है? यदि तकनीकी खराबी के कारण आग लगी, तो बस के रखरखाव और जांच की पड़ताल जरूरी है।

यात्री बसों की तकनीकी स्थिति की जांच

हालांकि, बस की फिटनेस स्थिति और आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच कराई जानी चाहिए, ताकि लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय हो सके। बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग इस घटना को गंभीरता से लेकर यात्री बसों की तकनीकी स्थिति की जांच कराएगा, या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारी तय की जाएगी? 

यह भी पढ़ें: कानपुर में टेसू-झांझिया कार्यक्रम के दौरान कथित हर्ष फायरिंग, गोली लगने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत