उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर (भदोही) जिले में मं

भदोही में दुर्गा विसर्जन के दौरान पटाखों में भीषण विस्फोट, वृद्ध महिला समेत 7 झुलसे; दो की हालत गंभीर

Firecracker Blast in Bhadohi Injures 7 During Durga Idol Immersion

भदोही: उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर (भदोही) जिले में मंगलवार को देर शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारी के दौरान पटाखों में विस्फोट होने से एक वृद्ध महिला समेत सात लोग बुरी तरह से झुलस गए। घायलों में दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार सिंह ने हादसे में सात लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों की ओर से करीब 10 लोगों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है।

पटाखों में चिंगारी लगने से हुआ विस्फोट

जानकारी के अनुसार, घटना चौरी थाना क्षेत्र के चौरी बाजार में स्टेशन रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास देर शाम करीब 5 बजे हुई। श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजन समिति, स्टेशन रोड, स्टेट बैंक के निकट स्थापित दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए वाहन पर लादा जा रहा था। इसी दौरान पटाखे जलाते समय झोले में रखे पटाखों में चिंगारी लग गई। इसके बाद झोले में रखे सैकड़ों पटाखे एक साथ फटने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के कारण कई लोगों को बारूद के छर्रे लगे और वे झुलस गए।

गंभीर रूप से घायल युवक बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर

घटना में गंभीर रूप से घायल शुभम नामक युवक को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय उसके हाथ में पटाखों से भरा झोला था। अन्य घायलों का भदोही शहर के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, कुछ घायलों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों के परिजन भी अस्पतालों में पहुंच गए, जहां उनके बीच चिंता और बेचैनी का माहौल बना रहा।

ये भी पढ़ें: लिवरपूल की शानदार वापसी, 2 गोल से पिछड़ने के बाद विलारियल को 4-3 से हराया