रंगपंचमी गेर में बड़ा हादसा: मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुआ धमाका, 8 लोग झुलसे
उज्जैन। रंगपंचमी के अवसर पर गेर उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम में तब अफरा-तफरी मच गई जब भीड़ के बीच अचानक तेज धमाका हो गया। जानकारी के मुताबिक धमाका सड़क के डिवाइडर के पास रखे पटाखे के फटने से हुआ। इस घटना में 8 लोग झुलस गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
मुख्यमंत्री मौजूद थे, तभी हादसा
घटना सिंधी कॉलोनी चौराहे के पास श्रीकृष्ण-सुदामा रंगोत्सव गेर के दौरान हुई। उस समय मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम स्थल पर बने मंच पर मौजूद थे। धमाका मुख्यमंत्री के मंच से करीब 15 फीट की दूरी पर हुआ, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। धमाके के बाद मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन ने तुरंत स्थिति संभाली। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बन गई भगदड़ जैसी स्थिति
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ के बीच अचानक तेज आवाज के साथ धमाका हुआ और कुछ लोग झुलस गए, जिसके बाद कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पटाखा वहां कैसे पहुंचा और किसने रखा था। साथ ही कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।
स्थिति नियंत्रण में
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/govt-invokes-essential-commodities-act-to-ensure-lpg-supply/148328