फर्जी पासपोर्ट बनवाकर देश में अवैध रूप से रहने वाल

फर्जी पासपोर्ट मामले में 5 अफगानी नागरिक गिरफ्तार, जबलपुर कनेक्शन उजागर

Five Afghan Nationals Arrested in Fake Passport Racket

जबलपुर। फर्जी पासपोर्ट बनवाकर देश में अवैध रूप से रहने वाले 5 और अफगानी नागरिकों को ATS ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों के पासपोर्ट जबलपुर के पते पर फर्जी तरीके से बनवाए गए थे। रविवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 25 फरवरी तक की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी इसी मामले में 3 अफगानी और उनके 3 मददगारों को पकड़ा जा चुका है।

कोलकाता में बस गये थे

सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए अफगानी नागरिकों की पहचान जिया उल रहमान, सुल्तान मो., रजा खान, सैयद मो. और जफर खान के रूप में हुई है। ये सभी कई साल पहले भारत आए थे और कोलकाता में बस गए थे, जहां वे सूदखोरी का धंधा करने लगे थे। इन सभी ने जबलपुर में रहने वाले अफगानी नागरिक सोहबत खान के जरिए अपने फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए थे।

जबलपुर निवासी करता था पासपोर्ट बनवाने का काम

जांच टीम के अनुसार, पकड़े गए पांचों आरोपी भारत आने के बाद लंबे समय से कोलकाता में रह रहे थे। उन्हें जानकारी मिली थी कि जबलपुर निवासी सोहबत खान फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवाने का काम करता है। इसके बाद सभी ने उससे संपर्क किया। सोहबत ने प्रत्येक व्यक्ति से ढाई-ढाई लाख रुपये लिए और वर्ष 2024 में उन्हें प्रक्रिया पूरी करने के लिए जबलपुर बुलाया। यहाँ आने के बाद पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में उनकी फोटो खिंचवाई गई और फर्जी दस्तावेजों का वेरिफिकेशन कराया गया।

छोटी ओमती से पकड़ा गया था मुख्य आरोपी सोहबत खान

ATS की टीम ने इस गिरोह के मुख्य सरगना सोहबत खान को अगस्त 2025 में छोटी ओमती क्षेत्र के हनुमान ताल के पास से गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर ही कोलकाता निवासी मो. इकबाल और अकबर को पकड़ा गया था।

मददगारों की भी हुई गिरफ्तारी

फर्जी दस्तावेज तैयार करने में सोहबत की मदद करने वाले अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें चंदन सिंह शामिल है जो शंकर शाह नगर निवासी (जो खुद को अधिवक्ता बताता था), दिनेश गर्ग, जो विजय नगर निवासी (वन रक्षक) है और महेश सुखदान जो कटंगा निवासी है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/railways-may-allow-boarding-station-change-until-second-chart/145289

रेलवे का बड़ा फैसला: अब दूसरे चार्ट तक बदल सकेंगे बोर्डिंग स्टेशन