इटावा में संयुक्त अभियान के दौरान पांच नाबालिग बच्

इटावा में बालश्रम के खिलाफ बड़ा अभियान, पांच नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू

Five Child Labourers Rescued in Etawah During Joint Enforcement Drive

इटावा,(उत्तर प्रदेश)। जिले में बालश्रम, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार और भिक्षावृत्ति के खिलाफ प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। बकेवर, लखना, चकरनगर और हनुमंतपुरा समेत कई क्षेत्रों में श्रम विभाग, एएचटी पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने होटल, ढाबे, रेलवे स्टेशन, ऑटोमोबाइल वर्कशॉप, मिठाई की दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सघन जांच की।

बच्चों को रेस्क्यू कर सुरक्षित उनके अभिभावकों को किया सुपुर्द

अभियान के दौरान पांच नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने का मामला सामने आया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को रेस्क्यू कर सुरक्षित उनके अभिभावकों को सुपुर्द किया। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को बालश्रम निषेध कानून की जानकारी देते हुए भविष्य में बच्चों से काम कराए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

कई दुकानदारों को नोटिस जारी

बकेवर कस्बे में वर्कशॉप, पिज्जा हब और मिठाई की दुकानों सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए और स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी नाबालिग को काम पर रखने की स्थिति में उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील

प्रभारी श्रम विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मजदूरी में लगाने के बजाय नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी किसी बच्चे से होटल, ढाबे, चाय की दुकान या अन्य प्रतिष्ठान पर काम कराया जाता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें।

अभियान के दौरान लोगों को किया गया जागरूक

अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, महिला सहायता 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 102 एवं 108 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्रवाई में नायब तहसीलदार भरथना, श्रम विभाग की टीम, चाइल्ड हेल्पलाइन के कार्यकर्ता तथा एएचटी प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। 

यह भी पढ़ेंः बांधवगढ़ में शावक संग दिखी पनीहाई बाघिन, मनमोहक वीडियो वायरल