बेतिया के मलाही टोला गांव में जमीनी विवाद को लेकर

बेतिया में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, खूनी झड़प में पांच घायल

Five Injured in Violent Land Dispute Clash in Bettiah

पश्चिम चंपारण,(बिहार)। के बेतिया में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लौरिया थाना क्षेत्र के मलाही टोला गांव में दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने

घटना शनिवार सुबह लौरिया थाना क्षेत्र के मलाही टोला गांव की है, जहां जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए।

सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लौरिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मनोज चौधरी, दिनेश चौधरी और लाल बाबू चौधरी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।

जमीनी विवाद में मारपीट

लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि जमीनी विवाद में मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और पुलिस की नजर बनी हुई है। 

यह भी पढ़ेंः बहराइच में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस