माइनस टेम्परेचर में 5 साल की आर्या और धैर्य ने की 3600 मीटर हाइट तक ट्रैकिंग
भोपाल। साकिब खान उम्र महज 5 और 6 साल, लेकिन हौसला ऐसा कि बड़े-बड़े ट्रैकर्स भी दंग रह जाएं। राजधानी भोपाल के बागमुगालिया क्षेत्र की रहने वाली 5 वर्षीय आर्या और शहर के ही 6 वर्षीय धैर्य ने गजब का जुनून और एडवेंचर दिखाते हुए हिमाचल प्रदेश के एक बेहद कठिन ट्रैक पर फतह हासिल की है। इन दोनों मासूम बच्चों ने खुद चढ़कर करीब करीह 11,800 फीट की ऊंचाई पर स्थित मंजनी टॉप को छुआ।
माइनस तापमान और कठिन रास्ते में हौसला नहीं डगमगाया
हड्डियां गला देने वाली ठंड और माइनस डिग्री तापमान के बावजूद इन बच्चों का हौसला नहीं डगमगाया। इस उम्र में जहां बच्चे अमूमन पार्कों में खेलते हैं, वहां आर्या और धैर्य ने बर्फ से ढकी पहाड़ियों और पथरीले रास्तों पर चढ़ाई पूरी की।
प्रतिदिन 7 किलोमीटर वॉक व साइकिलिंग का प्रशिक्षण
इस मुश्किल चढ़ाई को पूरा करने के पीछे बच्चों की कड़ी मेहनत और उनके माता-पिता का सहयोग था। इस सफर के लिए बच्चों ने पहले से तैयारी शुरू कर दी थी, जिसमें रोजाना 7 किलोमीटर की वॉक और साइकिलिंग शामिल थी। बच्चों का एक बड़ा सपना पहाड़ों पर जाकर 'स्नोमैन' बनाने का भी था, जिसने उन्हें इस कठिन रास्ते पर लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
मासूमियत के साथ जज्बा, बोली- बहुत मजा आया
ट्रैक पूरा करने के बाद आर्या की मासूमियत और आत्मविश्वास दोनों साथ नजर आए। बोली, चढ़ाई के दौरान थकी जरूर, लेकिन बहुत मजा आया। मुस्कुराते हुए अपनी पूरी यात्रा को याद करती रही। उसने माना कि रास्ते में जंगली जानवरों का डर जरूर लगा, लेकिन उसने खुद को संभाला और आगे बढ़ती रही। खास बात यह रही कि चढ़ाई के दौरान उसकी स्पीड भी काफी अच्छी रही, जिसने टीम के अनुभवी सदस्यों और गाइड को भी चौंका दिया।
इतनी कम उम्र में विपरीत मौसम और कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए मंजनी टॉप पर पहुंचना अपने आप में एक मिसाल है। आर्या और धैर्य की इस कामयाबी ने भोपाल सहित पूरे देश के एडवेंचर प्रेमियों को गौरवान्वित किया है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/nta-launch-portal-for-refund-neet-fee/207390