नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून को उड़ानें शुरू, इंडिगो ने शुरू की बुकिंग
नोएडा | नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से वाणिज्यिक उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR के करोड़ों यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। ग्रेटर नोएडा के जेवर में बना यह एयरपोर्ट देश के एविएशन सेक्टर में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।
इंडिगो बनी पहली एयरलाइन, टिकटों की बिक्री शुरू
एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने जेवर एयरपोर्ट से संचालन शुरू करने का ऐलान किया है। कंपनी ने शुक्रवार से अपनी उड़ानों के लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी है। इसी के साथ इंडिगो इस एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बन गई है।
पहली उड़ान लखनऊ-नोएडा रूट पर
जानकारी के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान लखनऊ के लिए संचालित होगी। यह रूट उत्तर प्रदेश की राजधानी और नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा।
पहले दिन 4 विशेष उड़ानों का संचालन
उद्घाटन के दिन इंडिगो 4 विशेष उड़ानों का संचालन करेगी। इनमें नोएडा से हैदराबाद और अमृतसर के लिए भी फ्लाइट शामिल हैं। इससे उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सीधा हवाई संपर्क स्थापित होगा।
16 शहरों से जुड़ेगा जेवर एयरपोर्ट
शुरुआती चरण में जेवर एयरपोर्ट से देश के 16 प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें मिलेंगी। इनमें जम्मू, श्रीनगर और धर्मशाला जैसे पर्यटन स्थल भी शामिल हैं। दक्षिण भारत के लिए शुरुआती किराया करीब 8000 रुपये से अधिक तय किया गया है। इंडिगो की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर नोएडा से लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है। लखनऊ रूट का किराया लगभग 4,981 रुपये रखा गया है।
1 जुलाई से बढ़ेगा ऑपरेशन, रोज 28 फ्लाइट्स
जेवर एयरपोर्ट से 1 जुलाई के बाद नियमित उड़ानों की असली तस्वीर सामने आएगी। इस तारीख से हर दिन करीब 28 विमान लैंड और टेकऑफ करेंगे। कुछ रूटों पर फ्लाइट्स का शेड्यूल दिन के हिसाब से तय किया जाएगा।
यह भी पढ़े: TCS धर्मांतरण केस में निदा खान गिरफ्तार
https://www.primenewsnetwork.in/state/nida-khan-arrested-in-tcs-conversion-case/183604