मोतिहारी में फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय गिरफ्तार, स्मैक और यूरिया खाद के साथ पकड़ा गया
मोतिहारी (बिहार)। पूर्वी चंपारण में इंडो-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों और उर्वरक तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी की 71वीं बटालियन और झरोखर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त वाहन जांच के दौरान फ्लिपकार्ट के एक डिलीवरी बॉय को स्मैक की डिलीवरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के पास से स्मैक, यूरिया खाद
आरोपी के कब्जे से 3.93 ग्राम स्मैक, तीन बोरी यूरिया खाद, 5,836 रुपये नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान घोड़ासहन थाना क्षेत्र के घोड़ासहन बाजार निवासी जितेंद्र जायसवाल के पुत्र श्री राम कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को नशा तस्करी और उर्वरक की अवैध ढुलाई से जुड़े नेटवर्क की आशंका है।
पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल झरोखर थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि पूरे गिरोह और इसके अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है। वहीं, सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों और तस्करी पर रोक लगाने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस का संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: मैहर सिविल अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप